भास्कर न्यूज | चंडीपारा स्वास्थ्य विभाग पामगढ़ के अंतर्गत संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुकुलपारा को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण पत्र मिला है। जांजगीर जिले में ये दूसरा आयुष्मान आरोग्य मंदिर है, जिसे यह सर्फिफिकेट प्राप्त हुआ है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुकुलपारा का मूल्यांकन चरणबद्ध तरीके से 12 मापदंडों पर राज्य व केन्द्र स्तर की टीम द्वारा किया गया। 23 दिसंबर को केन्द्रीय टीम से डॉ. ममता जिनवाल व डॉ. श्रीराम ने जायजा लिया। इस दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता, मानसिक स्वास्थ्य, वयोवृद्ध व पॉजिटिव केयर, किशोर स्वास्थ्य, महिला व बच्चो की स्वास्थ्य सुविधा, मुख स्वास्थ्य टेली कंसलटेंसी, एनसीडी सर्विसेस समेत अन्य मानकों पर मूल्यांकन किया। इसमें 100 प्रतिशत राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक से शुकुलपारा को 88.57% अंकों के साथ प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ। इस उपलब्धि के लिए मुख्य रूप से संस्था में पदस्थ सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सुनीता लहरे, आरएचओ महिला गंगोत्री पांडे, आरएचओ पुरुष लक्ष्मीनारायण मौर्य को विकासखण्ड पामगढ़ के खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सौरभ यादव ने शुभकामनाएं दी है।


