धनबाद पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया है। पुलिस ने 21 चोरी की बाइक और 2 मोबाइल फोन बरामद किया है। इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों में धनबाद के मो. आरिफ अंसारी उर्फ आरिफ गद्दी और छोटू कुमार उर्फ छोटू पंडित शामिल हैं। बिहार के लखीसराय से सूरज कुमार, जामताड़ा से मो. असलम और धनबाद से जागो उर्फ जगदीश भुईया को गिरफ्तार किया गया है। फर्जी कागजात के साथ झारखंड और बिहार में बेचा जाना था एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि जिले में बढ़ती बाइक चोरी की घटनाओं के मद्देनजर विशेष टीम बनाई गई थी। सिंदरी एसडीपीओ और झरिया थाना प्रभारी के नेतृत्व में पांच अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की गई। झरिया क्षेत्र से बरामद की गई बाइक के इंजन और चेसिस नंबर बदले गए थे। इन्हें फर्जी कागजात के साथ झारखंड और बिहार में बेचा जाना था। झरिया के गैरेज में लाकर पहचान चिह्न मिटाए जाते थे गिरोह का नेटवर्क बिहार और झारखंड के कई जिलों में फैला था। चोरी की बाइक को झरिया के गैरेज में लाकर पहचान चिह्न मिटाए जाते थे। फिर फर्जी दस्तावेज बनाकर बेच दी जाती थी।


