गिरीडीह जिले के तीसरी प्रखंड त्रिभुवन राय हत्याकांड का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। थानसिंहडीह ओपी के चरकी ग्राम में 23 जून को त्रिभुवन राय की हत्या उनके सगे भाई भिखारी राय ने की थी। हत्या के पीछे जमीन विवाद कारण रहा। त्रिभुवन राय पर कुल्हाड़ी से वार किया था खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच पिछले तीन वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। घटना के दिन भिखारी राय ने शराब का सेवन किया और भाई त्रिभुवन राय का इंतजार करने लगा। अकेला देखकर उस पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। हत्या के बाद खून से सनी कुल्हाड़ी को तालाब में फेंक दिया। खून से सना शर्ट भी बरामद मृतक के भाई गोवर्धन राय उर्फ मंटू राय की शिकायत पर थानसिंहडीह ओपी में मामला दर्ज किया गया। गिरिडीह एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने मात्र दो दिनों में हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर खून से सना शर्ट भी बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में गिरिडीह भेज दिया गया है।


