पाकुड़ जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के इशहाकपुर शैतानखाना गांव में एक बड़ा मामला सामने आया है। गुप्त सूचना के आधार पर अधिकारियों ने परिवहन अभिकर्ता के घर से मिड-डे मील का लगभग 50 क्विंटल चावल जब्त किया है। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सुमित कुमार मिश्रा के अनुसार, अभिकर्ता अबुल कासिम के घर के सामने एक ट्रैक्टर में 100 बोरा चावल मिला। यह चावल पाकुड़ के अनाज गोदाम से तीन विद्यालयों के लिए आवंटित किया गया था। पूछताछ में अभिकर्ता ने बताया कि एक विद्यालय में अनाज पहुंचा दिया गया था। शेष दो विद्यालयों का अनाज रात होने के कारण उसने अपने घर के सामने रख दिया। हालांकि, इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी गई। एफसीआई का टैग भी बरामद जांच में अभिकर्ता के घर से 5 बोरा चावल, 37 खाली बोरे और एफसीआई का टैग भी बरामद हुआ है। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने कालाबाजारी की आशंका जताई है। मुफस्सिल थाना प्रभारी संजीव झा ने बताया कि जब्त किए गए चावल को थाना लाया गया है। लिखित शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर जांच की जाएगी। छापेमारी में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, थाना प्रभारी और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी शामिल थे।


