कोरबा के CSEB कॉलोनी में बुधवार शाम करीब 4 बजे एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जब एक गोह (मॉनिटर लिजर्ड) और कुत्ता आमने-सामने भिड़ गए। कुत्ता लगातार भौंक रहा था। गोह अपनी सुरक्षा के लिए पूंछ से बार-बार हमला कर रहा था। दोनों के बीच सड़क पर कुछ मिनटों तक जबरदस्त संघर्ष चला। इस बीच वहां मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली। वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि दोनों जानवरों के बीच काफी देर तक भिड़ंत होती रही, लेकिन कुछ ही समय में वे एक-दूसरे से अलग हो गए। राहत की बात यह रही कि इस संघर्ष में किसी को चोट नहीं लगी। बरसात में बढ़ जाते हैं ऐसे मामले वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि बरसात के मौसम में गोह, सांप और अन्य जंगली जीव अक्सर रिहायशी इलाकों की ओर आ जाते हैं। ऐसे टकराव की घटनाएं बढ़ जाती हैं। स्नैक कैचर जितेंद्र सारथी के अनुसार, बरसात के मौसम में ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। लेकिन गोह और कुत्ते का आमना-सामना बहुत कम देखने को मिलता है। विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के मौसम में वन्य जीव अक्सर रिहायशी इलाकों में आ जाते हैं। वन विभाग को करें सूचित वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि ऐसे खतरनाक जीवों को देखकर घबराएं नहीं। तुरंत वन विभाग को सूचित करें।


