छत्तीसगढ़ कांग्रेस सात जुलाई को राजधानी रायपुर में किसान, जवान और संविधान सभा का आयोजन करेगी। आमजनता के मुद्दों पर सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस ने यह रणनीति तैयार की है। साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित होने वाली इस आमसभा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सरकार को घेरते नजर आएंगे। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने पत्रकारों से बातचीत में इसकी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार हर मोर्चे पर फेल साबित हुई है। पायलट ने कहा कि डेढ़ साल में 17 से अधिक जनकल्याणकारी योजनाएं बंद कर दी गईं हैं। 37 हजार करोड़ रुपए से अधिक का कर्ज सरकार ने लिया है। कानून व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। खाद-बीज का अभूतपूर्व संकट है। डीएपी के बाद अब किसान एनपीके के लिए भी भटक रहे हैं। गली मोहल्लों में सरकार शराब बिकवा रही है। रेत माफिया हावी हैं, रेत के नाम पर अपराध काफी बढ़ गए हैं। युक्तियुक्तकरण के नाम पर 10 हजार से ज्यादा स्कूल बंद कर दिए गए हैं। सब अश्वमेध के घोड़े हैं
राहुल गांधी के लंगड़े घोड़े बदले जाएंगे वाले बयान पर पायलट ने कहा कि, यहां सभी अश्वमेध के घोड़े हैं। पायलट ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि, प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार तो छोड़िए, राष्ट्रीय अध्यक्ष तक के लिए फैसला नहीं ले पा रहे हैं। बैज-महंत का काम अच्छा
पायलट ने कहा कि पीसीसी चीफ बैज हर वर्ग की पीड़ा को लेकर लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत की भी तारीफ करते हुये कहा कि वे लगातार सदन के भीतर व बाहर जनता की आवाज उठा रहे, सरकार को आईना दिखा रहे हैं। कांग्रेसी किस मुंह से उनका नाम ले रहे: कौशिक पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कांग्रेस की जनसभा को मिथ्या प्रलाप और सियासी कवायद बताया है। कांग्रेस हमेशा ओछी राजनीति करके अपने झूठे नैरेटिव सेट कर लोगों को बरगलाने का काम करती रही है। किसानों की अनदेखी करने, जवानों का कदम- कदम पर मनोबल तोड़ने और अपने शासनकाल में बात-बात पर संविधान की हत्या तक का पाप करने वाली कांग्रेस आज फिर नया नाटक कर रही है। कौशिक ने कहा कि कांग्रेस को यह नहीं भूलना चाहिए कि किसानों को कांग्रेस ने अपने शासनकाल में छला। … इसलिए कांग्रेस ने दिया आमसभा को यह नाम किसान: पायलट ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में धान खरीदी में गड़बड़ी की गई है। रबी फसल में बिजली कटौती से फसल खराब हुई है। खाद-बीज का संकट बना हुआ। खुले बाजार से महंगे दामों पर खरीद रहे हैं। जवान: प्रदेश में 33 हजार शिक्षकों की भर्ती अधर में है। 12 हजार शिक्षकों का पद विलोपित। पुलिस और विन विभाग की भर्ती में गड़बड़ी पर कोई कार्रवाई नहीं। घोषणापत्र में एक लाख नौकरी देने की बात हवा-हवाई निकली। संविधान: भाजपा 400 सीट लाकर संविधान बदलने का दावा कर रही थी। एस,एसटी, ओबीसी का हक मारना चाहती है। जल जंगल जमीन के साथ ही लोगों के मौलिक अधिकारों को खत्म करना चाहती है।


