सरगुजा में खाद की किल्लत, किसानों ने घेरा SDM कार्यालय:धौरपुर के किसानों का प्रदर्शन, सहकारी समितियों के निरीक्षण में पहुंचे कलेक्टर

सरगुजा जिले में खाद की कमी किसानों के पर भारी पड़ रही है। सहकारी समितियों में डीएपी, यूरिया, इफको की भारी कमी है। समिति में खाद नहीं मिलने से परेशान धौरपुर के किसानों ने बुधवार को एसडीएम कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। बुधवार को सरगुजा कलेक्टर ने तीन सहकारी समितियों का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने एक समिति प्रभारी को निलंबित करने का निर्देश दिया है। सरगुजा संभाग में मानसून सक्रिय होने के बाद खेती के काम में तेजी आई है। वहीं खाद की किल्लत किसानों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। बुधवार को धौरपुर समिति में बड़ी संख्या में किसान खाद लेने के लिए पहुंचे थे, लेकिन समिति में खाद नहीं मिला। आक्रोशित किसानों ने धौरपुर एसडीएम कार्यालय का घेराव कर दिया। आश्वासन के बाद लौटे किसान
धौरपुर एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंप किसानों ने शीघ्र डीएपी सहित अन्य खाद उपलब्ध कराने की मांग रखी। प्रदर्शन में किसानों के साथ कांग्रेसी बड़ी संख्या में शामिल हुए। दो दिनों पूर्व सेदम समिति में किसानों ने नेशनल हाइवे पर चक्काजाम कर दिया था। चक्काजाम के बाद मंगलवार शाम खाद की खेप सेदम पहुंची। आज किसानों को खाद का वितरण शुरू कर दिया गया है। समितियों में पहुंचे कलेक्टर, दो को नोटिस
कलेक्टर विलास भोसकर बुधवार को दरिमा, कमलेश्वरपुर और नर्मदापुर स्थित सहकारी समितियों में पहुंचे। कलेक्टर ने यूरिया, इफको, डीएपी, पोटाश और धान बीज की उपलब्धता एवं वितरण की जानकारी ली। कलेक्टर ने उपस्थित किसानों से भी बात की। किसानों ने खाद की कमी की शिकायत कलेक्टर से की। कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि जल्द ही खाद एवं बीज की आपूर्ति की जाएगी। किसी प्रकार की समस्या होने पर किसान तत्काल प्रशासन को सूचित करें। दो समितियों के प्रबंधकों को नोटिस
निरीक्षण के दौरान नर्मदापुर समिति प्रबंधक एवं कमलेश्वरपुर के शाखा प्रबंधक अनुपस्थिति मिले। इससे नाराज कलेक्टर ने दोनों प्रबंधकों को नोटिस जारी किया है। साथ ही नर्मदापुर के समिति प्रभारी को खाद बीज वितरण पर अनियमितता पाए जाने पर निलंबित करने के निर्देश डेप्युटी रजिस्टार कोऑपरेटिव सोसाइटी अंबिकापुर को दिया। निरीक्षण के दौरान एसपी राजेश अग्रवाल एवं सीसीबी नोडल अधिकारी पीसी गुप्ता भी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *