भास्कर न्यूज | लोहरदगा/कैरो लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह पूर्व मंत्री सह सभापति आंतरिक संसाधन एवं केंद्रीय सहायता समिति डॉ. रामेश्वर उरांव बुधवार को कैरो ब्लॉक मुख्यालय एवं शहर के बरवा टोली स्थित विधायक कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आम जनता से मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं का समाधान किया। मौके पर ग्रामीणों ने अतिवृष्टि से होने वाले फसल के नुकसान, अबुआ आवास, प्रधानमंत्री आवास, सामुदायिक भवन निर्माण, सड़क निर्माण, समाज कल्याण, पेयजल, संबंधित आवेदन दिए। जिसपर विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित पदाधिकारी से बात कर समस्या का समाधान किया और जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि जनता कि समस्याओं का समाधान करना हमारा कर्तव्य है। सभी प्रखंड मुख्यालय पहुंच जनता की सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। स्वास्थ्य संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए जनता बेझिझक आवेदन कर सकते है। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल, रिम्स में हरसंभव सहयोग किया जाएगा। अभी भारी बारिश से अतिवृष्टि जैसी समस्या का भी समाधान किया जा रहा है। जिससे किसान भाइयों को राहत मिल सके। मौके पर कार्यकारी जिलाध्यक्ष हाजी शकील अहमद, विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल, जिप अध्यक्ष रीना भगत, रोहित प्रियदर्शी उरांव, कैरो प्रखंड विकास पदाधिकारी छंदा भट्टाचार्य, अंचल अधिकारी कुमारी शीला उरांव, शहादत हुसैन, ठाकुर प्रसाद, युवा अध्यक्ष विशाल डुंगडुंग, सामूल अंसारी, मृत्युंजय तिवारी सहित अन्य उपस्थित थे।


