भास्कर न्यूज | बंडामुंडा बारिश शुरू होते ही रेलनगरी बंडामुंडा के सी-सेक्टर की सब्जी मंडी की हालत बिगड़ जाती है। पिछले कुछ दिनों की बारिश से मंडी में चारों ओर कीचड़ और पानी भर गया है। इससे सब्जी विक्रेताओं और ग्राहकों को भारी परेशानी हो रही है। स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। मंडी तालाब में बदल गई है। फिसलन के कारण लोग गिर रहे हैं। दुकानदारों का सामान खराब हो रहा है। ग्राहक बोले, गंदगी और कीचड़ के कारण मंडी में चलना मुश्किल हो गया है। इससे स्थानीय व्यापार पर असर पड़ा है। सब्जी विक्रेताओं ने बताया कि रेलवे प्रशासन रोजाना 20 रुपए टैक्स लेता है। इसके बावजूद कोई सुविधा नहीं मिल रही। व्यापारियों ने मांग की है कि जलजमाव की समस्या का समाधान किया जाए। नहीं तो बीमारी फैलने का खतरा बढ़ जाएगा।


