भास्कर न्यूज | दाढ़ी नगर पंचायत दाढ़ी में सीसी रोड निर्माण कार्य जिला प्रशासन व अतिक्रमणकारियों के बीच आपसी सहमति, समझौते के बाद भी न तो अतिक्रमण हटा पाया और न ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो सका। मुख्य मार्ग से कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण हटाए जाने से पुरानी नाली का पानी मुख्य मार्ग में भरा हुआ है, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सड़क दलदल में तब्दील हो गया है। सड़क निर्माण कार्य अतिक्रमण के कारण प्रारंभ नहीं हो पा रहा है। सड़क के बीचों-बीच से दोनों ओर 11-11 फीट चौड़ी सीसी रोड का निर्माण करने एडीएम व बेमेतरा एसडीएम तथा 42 अतिक्रमणकारी के बीच आम सहमति बनी थी। 15 दिन से भी अधिक समय बीत गया। न तो प्रशासन ने ही सुध लिए और न ही लोक निर्माण विभाग ने। अब सीसी रोड निर्माण कार्य प्रारंभ ही नहीं हो सका है। ऐसे में सड़क किनारे दुकानदारों को अपने दुकान तक पहुंचने मशक्कत करनी पड़ रही है। समूचा मुख्य मार्ग दलदल में तब्दील हो चुका है। अतिक्रमण से पुरानी नाली के टूट जाने से घरों के सीवेज का गंदा पानी पूरे सड़क पर भरा हुआ है, जिससे मुख्य मार्ग में आना जाना बंद हो गया है। कुछ लोग दो-तीन मंजिला भवन को हटाने में जुट गए बता दें कि अतिक्रमण करने वाले व जिला प्रशासन के बीच पिछले 15 दिन पूर्व नपं कार्यालय में आम सहमति बनी थी। लेकिन,अभी तक अतिक्रमण नहीं हट पाया है। कुछेक लोगों द्वारा 2 से 3 मंजिला मकान सहमति अनुसार हटाया जा रहा है। गिने-चुने लोगों द्वारा ध्यान नहीं दिए जाने से सीसी रोड का निर्माण कार्य बंद हो गया। बारिश का सीजन शुरू हो चुका है। ऐसे में अब सीसी रोड निर्माण कार्य प्रारंभ हो पाना असंभव लग रहा है। क्योंकि, बारिश के दिनों में सीसी सड़क निर्माण कार्य किसी हाल पर नहीं हो सकता है। जिला प्रशासन व अतिक्रमणकारियों के बीच आम समिति बन जाने के बावजूद चेतू साहू के घर से लेकर पटेल चौक डॉक्टर सूरज गुप्ता के मकान तक दोनों ओर अतिक्रमण की चपेट में आने वाले दुकानदारों को स्वयं के खर्चे पर अतिक्रमण हटाया जाना तय हुआ था। जिन्हें कोई राजनीतिक संरक्षण नहीं ऐसे दुकानदार व मकान मालिक अपना अतिक्रमण हटा चुके हैं। राजनीतिक से संपर्क रखने वाले लोगों द्वारा अब तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया है। यहीं कारण है कि सड़क निर्माण कार्य स्थल से ही बंद पड़ा हुआ है। लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही नपं दाढ़ी मुख्य मार्ग सीसी रोड निर्माण कार्य चेतू साहू के मकान से लेकर शांति चौक होते हुए डॉक्टर सूरज गुप्ता के मकान तक संकीर्ण हो चुका है। ऐसे में यहां लोगों को आने-जाने में दिक्कत होती है। इसी समस्या को देखते हुए यहां पर सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिसके लिए चौड़ीकरण जरूरी है। इसी स्थल से लेकर डॉक्टर गुप्ता के मकान तक 42 लोगों ने अतिक्रमण किया है। राजस्व विभाग द्वारा सभी दुकानदार को सड़क की लंबाई चौड़ाई नाप कर जानकारी दे दी है।


