शराब घोटाला मामले में एसीबी ने दूसरे दिन बुधवार को भी पूर्व उत्पाद आयुक्त अमित प्रकाश व छत्तीसगढ़ के कारोबारी सिद्धार्थ सिंघानिया से पूछताछ की। पूछताछ में क्या कुछ सामने आया, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। एसीबी ने रिमांड के दूसरे दिन भी दोनों ही आरोपियों से उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग में वित्तीय अनियमितता व घोटाले के सिंडिकेट से संबंधित ही सवाल किया। पूर्व उत्पाद आयुक्त अमित प्रकाश पर राज्य में एमआरपी से अधिक मूल्य पर शराब की बिक्री करवाने व अपने एजेंट के माध्यम से अवैध वसूली करवाने का आरोप है। वहीं, छत्तीसगढ़ के शराब कारोबारी सिद्धार्थ सिंघानिया पर राज्य में चल रही उत्पाद नीति में सीधा हस्तक्षेप करने, छत्तीसगढ़ के अधिकारियों के सहयोग से झारखंड की खुदरा शराब दुकानों के लिए मैनपावर आपूर्ति का ठेका लेने का आरोप है। सिद्धार्थ सिंघानिया के नियंत्रण वाली छत्तीसगढ़ की प्लेसमेंट एजेंसियों पर शराब बिक्री के करीब 450 करोड़ रुपये के गबन का आरोप है।


