खोदी सड़कों की मरम्मत न कराने पर अफसरों को एलएंडटी कंपनी को नोटिस जारी करने के निर्देश

भास्कर न्यूज | अमृतसर निगम कमिश्नर गुलप्रीत सिंह औलख ने शहर की अलग-अलग समस्याओं व मेन सड़कों के रखरखाव को लेकर अफसरों संग मीटिंग की। एलएंडटी की तरफ से पाइप-लाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत नहीं करवाने पर कंपनी के अफसरों की क्लास लगाई। निगम अफसरों को निर्देश दिया कि कंपनी को नोटिस जारी करें। इसके बाद भी सड़कों को दुरुस्त करने का काम तय समय पर नहीं कर रहे तो जुर्माना लगाया जाए। नहर जल योजना के अंतर्गत सड़कों की समय पर मरम्मत न करने के कारण बारिश के समय जलभराव हो रहा है। बार-बार चेतावनी के बावजूद काम में सुधार नहीं हो रहा। औलख ने कहा कि शहर की प्रमुख सड़कों के रख-रखाव और सौंदर्यीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों के अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। ओएंडएम विभाग को निर्देश दिए कि बारिश से सड़कों पर जल निकासी सुनिश्चित करें। तेजी से सीवेज सफाई का काम कराया जाए। जिस भी जगह जलभराव हो रहा सक्शन पंप का प्रयोग करें। सभी मशीनें चालू स्थिति में रखी जाएं । विशेष रूप से हेरिटेज स्ट्रीट पर जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पीडब्ल्यूडी विभाग के अफसरों को कहा कि निगम क्षेत्र में सड़कों की मरम्मत जल्द ही करवाई जाए। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सड़कों के विकास कार्यों के लिए अनुमान तैयार किए गए हैं और मंजूरी मिलने के बाद ये कार्य पूरे कर दिए जाएंगे। एस्टेट अफसर ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर शहर की मुख्य सड़कों पर बचे हुए अवैध कब्जों को हटवाने का काम तेजी से पूरा कराएं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *