कोडरमा में फ्रिज का कंप्रेशर फटा; लगी भीषण आग:घर की दूसरी मंजिल में सोया था परिवार, धुएं की गंध से खुली नींद, लाखों का सामान जला

कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत अड्डी बांग्ला रोड के पास स्थित भदानी गली में गुरुवार अहले सुबह एक मकान में भीषण आग लग गई। यह आग मकान के निचले हिस्से में बने गोदाम में लगी थी, जिसमें रखे लाखों रुपए मूल्य के बिजली के तार, आइसक्रीम और अन्य सामान जलकर खाक हो गए। समय पर दमकल के पहुंचने से आग पर काबू पा लिया गया और एक बड़ी दुर्घटना टल गई। सुबह 6 बजे की घटना, धुएं के गंध से खुली नींद घर के मालिक मुकेश गुप्ता ने बताया कि घटना के समय वे अपने परिवार के साथ मकान के दूसरे मंजिल पर सोए हुए थे। सुबह करीब 6 बजे उन्हें जलने की तेज बू आई। जब वे कमरे से बाहर निकले तो देखा कि मकान के निचले हिस्से से धुआं तेजी से बाहर निकल रहा है। उन्होंने तत्काल अपने घर के अन्य सदस्यों को जगाया और सभी लोग भागकर नीचे आए। नीचे स्थित गोदाम में आइसक्रीम, बिजली के तार, रेफ्रिजरेटर और अन्य सामान रखा गया था। वहां से आग की लपटें उठ रही थीं। उन्होंने जैसे ही गोदाम का दरवाजा खोला, अंदर से आग की भीषण लपटें बाहर निकलने लगीं। शोर मचाने पर जमा हुए आसपास के लोग घटना की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने और परिवार के अन्य सदस्यों ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिससे आसपास के लोग जाग गए और बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी और खुद भी बाल्टी और पाइप से आग बुझाने की कोशिश में लग गए। कुछ ही देर में दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक गोदाम में रखा सारा सामान जलकर खाक हो चुका था। आग इतनी भीषण थी कि यदि समय रहते उस पर काबू नहीं पाया जाता तो यह आसपास के घरों तक फैल सकती थी, जिससे बड़ी जनहानि हो सकती थी। नगर प्रशासक और प्रबंधक मौके पर पहुंचे घटना की सूचना मिलने पर झुमरीतिलैया नगर परिषद के प्रशासक अंकित गुप्ता, नगर प्रबंधक लेमांशु कुमार और तिलैया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। वे हालात सामान्य होने तक वहीं मौजूद रहे और स्थिति की निगरानी करते रहे। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आग लगने की वजह गोदाम में रखे एक रेफ्रिजरेटर के कंप्रेसर का फटना हो सकता है। यह इलाका घनी आबादी वाला है, ऐसे में घटना ने स्थानीय लोगों को डरा दिया। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *