गाय चोरी का आरोप; ग्रामीणों ने खंभे से बांधा:रात दो बजे घर में घुसे चोर, आहट से लोग जगे, वीडियो आया सामने

देवघर जिला के सारठ प्रखंड अंतर्गत फुलचुवा पंचायत स्थित कप्सियो गांव में बीती रात गाय चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। बुधवार रात करीब दो बजे तीन चोर गांव के एक घर में घुस आए। वहां से गाय चुराने का प्रयास करने लगे। यह घटना गांव के निवासी बोका मुर्मू के घर की है। चोरों की आहट से घर के सदस्यों की नींद खुल गई। उन्होंने शोर मचाना शुरू किया, जिससे आस-पास के ग्रामीण भी जाग गए। घटना की भनक लगते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ने में सफल रहे। पकड़े गए चोर ने अपना नाम कुलदीप यादव बताया और अपने दो साथियों के नाम राजन मंडल व कन्हैया मंडल बताए, जो अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। बिजली के खंभे में बांधा, पुलिस को बुलाया ग्रामीणों ने पकड़े गए कुलदीप यादव को बिजली के खंभे से बांध दिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चितरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश तेज़ कर दी गई है। घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने रात में चोरों की बढ़ती सक्रियता पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। पुलिस ने ग्रामीणों को दिया आश्वासन चितरा थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और गांव में सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया जाएगा। फिलहाल गांव में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *