कोरबा| कुसमुंडा के इमलीछापर चौक पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास बारिश में जलजमाव के कारण सड़क का हाल तालाब जैसा हो गया है। करीब 2-3 फीट पानी भरे होने से दोपहिया वाहन में आवाजाही करने वाले राहगीरों के लिए परेशानी हो गई है। दरअसल, निर्माणाधीन फोरलेन के आसपास नाली निर्माण नहीं करने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही ठहर रहा है। स्थानीय पार्षद गीता गवेल द्वारा चक्काजाम की चेतावनी के बाद भी अब तक एसईसीएल व पीडब्ल्यूडी ने बारिश के पानी के निकासी की व्यवस्था नहीं की है, जिसका खामियाजा आमजन को उठाना पड़ रहा है।


