जोसा काउंसलिंग- दूसरे राउंड में सीट अलॉटमेंट का रिजल्ट जारी, 29 जून तक फीस जमा होगी

भास्कर न्यूज | जालंधर देशभर के इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिले के लिए चल रही काउंसलिंग प्रक्रिया के तहत दूसरे राउंड में सीट अलॉटमेंट जारी कर दिया गया है। इसके बाद जिन उम्मीदवारों को दूसरे राउंड में सीट मिली है, उन्हें 29 जून तक फीस जमा करवानी होगी। जो उम्मीदवार दूसरे राउंड की काउंसलिंग में शामिल हुए थे, वे आधिकारिक वेबसाइट josaa.nic.in. के जरिए अपना सीट आवंटन देख सकते हैं। उम्मीदवारों को अपनी आवंटित सीटों की पुष्टि करने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ कॉलेजों में रिपोर्ट करना होगा। गौरतलब है कि उम्मीदवार जेईई स्कोर के आधार पर टॉप आईआईटी, एनआईटी, ट्रिपल आईटी में प्रवेश के लिए जोसा काउंसलिंग के लिए आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों को उनकी जेईई रैंक, मेरिट सूची, वरीयता, श्रेणी और सीट उपलब्धता के आधार पर सीटें आवंटित की जाएंगी। सीट आवंटन परिणाम घोषित होने के बाद उम्मीदवारों को प्रोविजनल अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड करना होगा और 30,000 रुपए की आवश्यक सीट स्वीकृति फीस का भुगतान करना होगा। ऑनलाइन रिपोर्टिंग की समय सीमा 25 से 29 जून है। वहीं जेईई मेन की मेरिट में एक जैसे रैंक वाले दो या अधिक दावेदार हुए और उसी सीट पर रजिस्ट्रेशन की मांग करेंगे, तो एनआईटी, आईआईआईटी समेत 128 अन्य शिक्षण संस्थानों में भी अतिरिक्त सीटें जोड़ी जाएंगी। अतिरिक्त सीट जोड़ने पर किसी भी आरक्षित सीट में कोई कटौती या छेड़छाड़ नहीं होगी। जोसा की ओर से छह राउंड में काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वहीं दूसरे राउंड में सीट मिलने के बाद अलॉट सीट से खुश न होने पर उम्मीदवार 1 जुलाई तक अपनी सीट विड्रॉल कर सकते हैं। तीसरे राउंड का सीट अलॉटमेंट रिजल्ट 28 जून 2025 को, चौथे राउंड का 4 जुलाई को, पांचवें राउंड का 10 जुलाई को और अंतिम यानी छठे राउंड का सीट अलॉटमेंट 16 जुलाई को जारी होगा। आवंटन के बाद विद्यार्थियों को ऑनलाइन रिपोर्टिंग में फ्रीज, फ्लोट व स्लाइड का विकल्प दिया जाएगा। यदि विद्यार्थी प्रथम राउंड में आवंटित सीट से संतुष्ट हैं और आगे के राउंड की काउंसिलिंग में भाग नहीं लेना चाहते हैं तो फ्रीज विकल्प को चुन सकते हैं। साथ ही वह विद्यार्थी जो आगे की काउंसिलिंग में भी भाग लेना चाहते हैं, उन्हें फ्लोट एवं स्लाइड का विकल्प चुनना होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *