भास्कर न्यूज | प्रतापपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक कुमार पांडेय गुरुवार को स्वास्थ्य कर्मियों के साथ सिदकी पंचायत के हेसातु गांव पहुंचे। यहां बैगा-बिरहोर जनजाति के लोगों के लिए आयुष्मान कार्ड बनाने का शिविर लगाया गया। बीडीओ और कर्मियों को सिन्दुरिया नदी पार कर गांव पहुंचना पड़ा। नदी पार करते समय कर्मियों ने लैपटॉप और जरूरी सामान कंधे पर रखकर पार किया।हेसातु गांव में दर्जनों आदिम जनजाति परिवारों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया। साथ ही राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन भी किया गया। इसी दिन हिन्दिया गांव में भी शिविर लगाया गया। बीडीओ ने बताया कि उपायुक्त चतरा के निर्देश पर बैगा-बिरहोर निवास वाले गांवों में जाकर शिविर लगाए जा रहे हैं। सिन्दुरिया नदी पर पुल निर्माण कार्य जारी है। विभाग को जल्द निर्माण पूरा करने की सूचना दी गई है। शिविर में स्वास्थ्य विभाग के कर्मी और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।


