खाद्य सुरक्षा में लापरवाही पर कार्रवाई, 67 किलो मिलावटी पनीर नष्ट किया, 26 सैंपल लिए गए

भास्कर न्यूज|लुधियाना शहर में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग ने फूड सेफ्टी एक्ट के तहत एक बड़ा अभियान चलाया। 26 जून को जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमरजीत कौर के नेतृत्व में डेयरी, किराना, मिठाई की दुकानों और फास्ट फूड आउटलेट्स पर छापेमारी की गई। इस दौरान खाद्य पदार्थों के कुल 26 सैंपल लिए गए, जबकि सब्जी मंडी से खराब गुणवत्ता के आधार पर 67 किलो पनीर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। डॉ. अमरजीत कौर ने बताया कि खाद्य सुरक्षा में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पनीर के दो सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं और सभी सैंपल अधिकृत लैब में परीक्षण के लिए जमा किए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान के दौरान मंडी अधिकारी की ओर से सब्जी मंडी में तत्काल प्रभाव से पनीर की बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश भी जारी किए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर के कुमकलां, माछीवाड़ा, चंडीगढ़ रोड, समराला चौक और शिंगार सिनेमा रोड जैसे प्रमुख इलाकों से पनीर, दूध, दालें, खाद्य तेल, प्रयुक्त तेल, आइसक्रीम और शरबत के सैंपल लिए। डॉ. कौर ने कहा कि विभाग की प्राथमिकता जनस्वास्थ्य है और हम यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि सभी व्यापारी फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के नियमों का पालन करें। उन्होंने विक्रेताओं को सख्त चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी पाई गई, तो उनके खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने व्यापारियों से अपील की है कि वे स्वच्छता, उचित लेबलिंग और खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण की दिशा में पूरी जिम्मेदारी निभाएं। विभाग समय-समय पर ऐसे औचक निरीक्षण करता रहेगा, ताकि आम लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिलती रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *