एजुकेशन रिपोर्टर| रांची रांची विश्वविद्यालय में स्नातक स्तर पर राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) -2020 के सिलेबस के अनुसार पढ़ाई हो रही है। लेकिन नए सिलेबस के अनुसार तकरीबन सभी कॉलेजों में किताबों की कमी है। किताबों के क्रय के लिए रांची यूनिवर्सिटी के सभी सरकारी (अंगीभूत) कॉलेजों को एनईपी सिलेबस के अनुसार किताबों की लिस्ट भेजने के लिए कहा गया है। किताबों की लिस्ट उपलब्ध कराने के लिए विवि प्रशासन द्वारा दो जुलाई तक का समय दिया गया है। इस संबंध में नव नियुक्त प्रभारी वीसी प्रो. (डॉ.) दिनेश कुमार सिंह के आदेश के बाद रजिस्ट्रार डॉ. गुरुचरण साहू ने रांची विवि के अंतर्गत के सभी अंगीभूत कॉलेजों को लेटर लिखा है। इसमें कहा गया है कि निर्धारित तिथि तक प्रिंसिपल किताबों के क्रय के लिए प्रस्ताव विवि मुख्यालय में भेज दें। ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। इस संबंध में पूछे जाने पर वीसी प्रो. डीके सिंह ने कहा कि किताबों के क्रय के लिए इंटरनल फंड का उपयोग नहीं किया जाएगा। बल्कि इसके लिए उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग को फंड उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा। ताकि आवश्यकता के अनुसार पुस्तकों का क्रय किया जा सके। आवश्यकता के अनुसार भेजें लिस्ट कुलपति प्रो. डीके सिंह ने कॉलेजों के प्रिंसिपल से कहा है कि नई शिक्षा नीति के तहत सिलेबस के अनुसार उन्हीं किताबों की लिस्ट भेजें, जो छात्रों के लिए जरूरी है। यदि आवश्यकता नहीं है तो लिस्ट भेजने की जरूरत नहीं है। क्वालिटी एजुकेशन के लिए सिलेबस के अनुसार पुस्तकालय में किताबें जरूरी हैं।


