कोकर और रिम्स समेत अन्य जगहों से बाइक चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए पुलिस ने शुक्रवार को सरना टोली से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनका नाम विक्रम कहार और इंद्रजीत चीक बड़ाइक हैं। दोनों कोकर के ही रहने वाले हैं। इनकी निशानदेही पर चोरी की दो स्कूटी और 2 बाइक बरामद की गई हैं। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार विक्रम ने बताया है कि वह कोकर इलाके में अलग-अलग जगहों से बाइक की चोरी करता था। इसके बाद बाइक को रिम्स परिसर में लावारिस हालत में कुछ दिनों के लिए छोड़ देता था। 8-10 दिनों बाद जब पुलिस शांत हो जाती थी तो चोरी की गई बाइक को बेचने के लिए ग्राहक की खोज करना शुरू करता था। विक्रम ने यह भी बताया है कि उसने रिम्स परिसर से भी कई बाइक की चोरी की है, जिन्हें बहुत कम दाम पर बेच दिया। ऐसे में पुलिस अब उन लोगों की तलाश कर रही है, जिसने चोरी की बाइक खरीदी है।


