भास्कर न्यूज| दुमका घर के लोग उसकी हरकत से परेशान हो चुके थे। भाग जाने के डर से जंजीर में बांधकर रखते थे। इसके बाद भी जामा के अमझार का रहने वाला 33 वर्षीय महेश मरांडी 24 जून को घर से भाग गया। घरवालों ने हर जगह तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। शुक्रवार को विजयपुर के जंगल में पेड़ से लटका शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव कब्जे में लिया तो घरवालों ने विक्षिप्त बताकर पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। मुफस्सिल थाना की पुलिस ने पत्नी से लिखित लेकर शव को बिना पोस्टमार्टम के सुपुर्द कर दिया। दोपहर को विजयपुर के लोग रोज की तरह नदी की ओर गए थे। इसी बीच उनकी नजर पेड़ से लटकते हुए शव पर पड़ी। विजयपुर में मृतक की ससुराल थी, इसलिए लोग उसे पहचानते थे। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पत्नी सोनामुनि टुडू और पुलिस को दी। सूचना पर सहायक अवर निरीक्षक बबन सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव उतारकर कब्जे में लिया। पत्नी ने पुलिस को बताया कि पति की मानसिक स्थिति बहुत खराब थी। विजयपुर ससुराल में रहकर इलाज भी चल रहा था। वह अक्सर ससुराल से से भाग जाते थे, इसलिए जंजीर में बांधकर रखना पड़ता था। 24 जून को किसी तरह से जंजीर खोलकर भाग गए। तीन दिन से उनकी तलाश की जा रही थी, लेकिन कुछ पता नहीं चला। बताया कि उन्हें किसी पर शक नहीं है। पति मानसिक रोगी थी, इसलिए पोस्टमार्टम नहीं कराकर क्या मिलेगा। उसके अनुरोध पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराए बगैर शव को पत्नी व उनके घरवालों को सुपुर्द कर दिया। बबन सिंह ने बताया कि पत्नी ही पोस्टमार्टम के पक्ष में नहीं थी। काफी समझाने के बाद भी तैयार नहीं हुई। इसलिए कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को बिना पोस्टमार्टम के उनके सुपुर्द कर दिया।


