निगम ने शिंगार सिनेमा रोड से आधा दर्जन अतिक्रमण हटाए, टीम से नोकझोंक भी हुई

भास्कर न्यूज | लुधियाना नगर निगम की तहबाजारी विंग ने शुक्रवार को यातायात को सुचारू बनाने के उद्देश्य से शिंगार सिनेमा रोड से आधा दर्जन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरा न दुकानदारों ने अपना सामान सड़क और फुटपाथ पर फैला रखा है, जिससे राहगीरों को परेशानी हो रही थी और यातायात भी बाधित हो रहा था। कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने नगर निगम की टीम का विरोध किया, लेकिन निगम अधिकारियों ने सख्ती दिखाते हुए सड़क पर रखा सामान जब्त कर लिया। टीम ने चेतावनी दी कि भविष्य में अतिक्रमण किया गया तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। विरोध करने पर एक दुकानदार के खिलाफ धर्मपुरा पुलिस चौकी में शिकायत भी दर्ज करवाई गई है। तहबाजारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के लिए निगम की विशेष टीम का गठन किया गया है, जो शहर के विभिन्न बाजारों में अभियान चलाकर अवैध कब्जे हटाएगी। उन्होंने कहा कि शिंगार सिनेमा रोड पर कई दुकानदारों ने लंबे समय से सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा कर रखा था। सड़क के किनारे बैग, कपड़े और अन्य सामान खुले में रखे गए थे, जिससे पैदल चलने वालों को काफी दिक्कत हो रही थी। इंस्पेक्टर ने यह भी बताया कि अतिक्रमण के कारण ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो रही थी और कई बार दुर्घटनाओं की स्थिति बन जाती थी। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क को खाली कराया और जब्त किए गए सामान को नगर निगम कार्यालय पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह का अभियान आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रहेगा, ताकि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके और आमजन को राहत मिल सके। नगर निगम के जोन-ए के बाहर काफी एरिया में अतिक्रमण है, लेकिन नगर निगम की तहबाजारी विंग को यह नजर नहीं आता है। माता रानी रोड के बायीं और दायीं ओर दुकानदारों ने 3 से 4 फीट तक सामान रखा है, जबकि इसके बाद रेहड़ियां लगती हैं। इससे सड़क संकरी हो गई है। निगम जोन-ए के बाहर दुकानदारों ने अपनी दुकान के बाहर अस्थाई दुकानें सजा रखी हैं, लेकिन जोन-ए की तहबाजरी विंग अतिक्रमण करने वालों पर मेहरबान हैं। यह हाल तब है जब हर बुधवार को निगम कमिश्नर जोन-ए में बैठते हैं, लेकिन इसके बाद भी अतिक्रमण हटाया नहीं जाता है। रही सही कसर ऑटो-ई रिक्शा संचालक पूरी कर देते हैं। वह सड़क पर वाहनों को खड़ा करते हैं, जिससे सड़क पर जाम लग जाता है। पुलिस भी सख्त कार्रवाई नहीं करती है। शनिवार व रविवार को चौपहिया वाहन तक बाजार में प्रवेश करते हैं, जिससे बाजार के अंदर जाम लग जाता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *