भास्कर न्यूज | कवर्धा आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर बुधवार को कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान हुआ। पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने मीसा बंदियों और उनके परिजनों को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया। उन्होंने उनके साहस और संघर्ष को नमन किया। आयोजन का उद्देश्य आपातकाल के विरोध में संघर्ष करने वाले लोकतंत्र रक्षकों की स्मृति को जीवित रखना और नई पीढ़ी को उनके योगदान से परिचित कराना था। समारोह में संविधान हत्या दिवस के रूप में आपातकाल की घटनाओं पर आधारित फोटो प्रदर्शनी और फिल्म दिखाई गई। इसके साथ ही लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा पर केंद्रित परिचर्चा भी हुई। कार्यक्रम ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए दी गई कुर्बानियों को याद कर प्रेरणादायक संदेश दिया। विधायक ने मीसा बंदी हरीश लुनिया, विजय यादव और स्व. रमेश सोनी की पत्नी कुमारी बाई सोनी को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया। इस मौके पर मीसा बंदियों ने अपने अनुभव भी साझा किए। जिला कार्यालय परिसर में लगी छायाचित्र प्रदर्शनी में आपातकाल के दौरान हुए जनआंदोलनों, सेंसरशिप और संघर्षों को दिखाया गया। मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।


