शहर की आमदनी बढ़ाने के लिए चंडीगढ़ नगर निगम को बड़ा सहारा मिला है। यूटी शहरी अर्बन प्लानिंग विभाग ने निगम को 53 नई विज्ञापन साइट्स और यूनिपोल लगाने की मंजूरी दे दी है। ये सभी साइट्स शहर के कॉमर्शियल एरिया में लगाई जाएंगी। अब नगर निगम के पास कुल 75 विज्ञापन साइट्स हो जाएंगी, जिनमें पहले से मौजूद 22 साइट्स भी शामिल हैं। नगर निगम का अनुमान है कि इन विज्ञापन साइट्स से हर साल करीब ₹12 करोड़ की कमाई होगी, जिसमें 10% बढ़ोतरी भी संभावित है। अधिकारियों ने कहा कि यह कदम नगर निगम की आर्थिक स्थिति सुधारने और नए राजस्व स्रोतों को खोलने की दिशा में महत्वपूर्ण है। अब सबकी नजरें सोमवार को होने वाली जनरल हाउस मीटिंग पर टिकी हैं, जहां इस प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी दी जानी है। 3 जोन में बांटकर होगी नीलामी 159 में से 53 साइट्स को मंजूरी नगर निगम ने शुरुआत में 159 साइट्स की मांग की थी। लेकिन तकनीकी अधिकारियों की जांच और जमीन के सही इस्तेमाल के नियमों के मुताबिक केवल 53 साइट्स को मंजूरी दी गई। इससे यह सुनिश्चित हुआ कि सारे विज्ञापन कानूनी और योजनाबद्ध तरीके से लगाए जाएं। अब जो 53 नई साइट्स मिली हैं, उन्हें उन 22 मौजूदा साइट्स के साथ जोड़ा जाएगा जिनके एग्रीमेंट अगस्त 2025 में खत्म हो रहे हैं। इससे सारी साइट्स को एकसाथ ई-नीलामी में शामिल किया जा सकेगा।


