शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल ने पार्टी के संगठनात्मक ढांचे की शुरुआत करते हुए पदाधिकारियों की पहली सूची और कोर कमेटी का ऐलान कर दिया है। खास बात यह रही कि आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को भी कोर कमेटी का सदस्य बनाया गया है। पार्टी प्रवक्ता डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने बताया कि कोर कमेटी की पहली महत्वपूर्ण बैठक 30 जून, सोमवार को दोपहर 2 बजे चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय में होगी। बैठक में पंजाब के मौजूदा राजनीतिक हालात, संभावित विधानसभा उपचुनाव, विपक्ष की भूमिका और संगठनात्मक ढांचे को लेकर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही पार्टी आगामी रणनीति को अंतिम रूप देगी। भूंदड़ पार्टी जनरल सचिव नियुक्त घोषित पदाधिकारियों में बलविंदर सिंह भूंदड़ को पार्टी का जनरल सचिव नियुक्त किया गया है। डॉ. दलजीत सिंह चीमा सचिव और एन के शर्मा को खजांची बनाया गया है। इसके साथ ही सरबजीत सिंह झिंडर यूथ विंग के प्रधान, बीबी हरगोबिंद कौर महिला अकाली दल की प्रधान और रणबीर सिंह राणा एसओआई का प्रधान नियुक्त किया गया है। कोर कमेटी में मजीठिया का नाम आज सुखबीर सिंह बादल की अध्यक्षता में घोषित कोर कमेटी में जिन 31 वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है, उनमें बलविंदर सिंह भूंदड़, हरजिंदर सिंह धामी, नरेश गुजराल, परमजीत सिंह सरना, हीरा सिंह गाबड़िया, गुलजार सिंह रणीके, महेशइंदर सिंह ग्रेवाल, डॉ. दलजीत सिंह चीमा, जनमेजा सिंह सेखों, सिकंदर सिंह मलूका, बीबी हरसिमरत कौर बादल, मनजीत सिंह जी.के, शरनजीत सिंह ढिल्लों, बिक्रम सिंह मजीठिया, सुच्चा सिंह लंगाह, गुरबचन सिंह बब्बेहाली, लखबीर सिंह लोधीनंगल, श्री एन के शर्मा, मनतार सिंह बराड़, बलदेव सिंह खहरा, श्री एस आर कलेर, जोगिंदर सिंह जिंदू, तीर्थ सिंह माहला, रणजीत सिंह ढिल्लों, वरदेव सिंह मान, गुरप्रीत सिंह राजुखन्ना, कमल चेतली, हरप्रीत सिंह कोटभाई, सुखदीप सिंह शुकार और दरबारा सिंह शामिल हैं। 5 वरिष्ठ नेताओं को भी सौंपा सम्मान इसके अलावा 5 वरिष्ठ नेताओं को कोर कमेटी का एक्स ऑफिशियल मेंबर बनाया गया है, जिनमें मीडिया प्रमुख हरचरन सिंह बैंस, यूथ अकाली दल के प्रधान सरबजीत सिंह झिंडर, महिला अकाली दल की प्रधान बीबी हरगोबिंद कौर, एसओआई के प्रधान रणबीर सिंह राणा ढिल्लों और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता अर्शदीप सिंह कलेर को शामिल किया गया है।


