झारखंड में बनेंगे 1117 हेल्थ सब सेंटर, 619 करोड़ रुपए आवंटित

झारखंड में अब गांव-गांव में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। पूरे राज्य में 1117 हेल्थ सब सेंटर बनाए जाएंगे। राज्य सरकार ने इसके लिए 619 करोड़ रुपए की राशि आवंटित कर दी है। इसमें सबसे ज्यादा 164 सेंटर गिरिडीह जिले में तो 135 सेंटर धनबाद में खुलेंगे। वहीं रांची जिले में 49 हेल्थ सब सेंटर खोले जाएंगे। यहां प्राथमिक चिकित्सा की सभी सुविधाएं होंगी। हर सेंटर के भवन निर्माण में 55.50 लाख रुपए खर्च होंगे। इन सेंटरों के निर्माण की स्वीकृति 15वें वित्त आयोग के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के लिए दी गई है। 15वें वित्त आयोग के लिए राज्य स्तरीय समिति की अप्रैल में हुई बैठक में इस योजना की स्वीकृति दी गई है। जबकि जून में योजना के क्रियान्वयन के लिए राशि भी आवंटित कर दी गई। गौरतलब है कि 2011 की जनगणना के अनुसार झारखंड में कुल 4345 पंचायत हैं, जिनमें 2931 पंचायतों में स्वास्थ्य उपकेंद्र हैं और 167 पंचायतों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या सामुदायिक स्वास्थ्य या अनुमंडल अस्पताल हैं। निदेशक प्रमुख, स्वास्थ्य सेवाएं झारखंड ने 949 स्वास्थ्य सुविधा विहीन पंचायत होने की रिपोर्ट दी थी। यहां स्वास्थ्य उपकेंद्र खोलने की जरूरत बताई थी। इसके बाद 1117 सेंटर खोलने पर सहमति बनी थी। हेल्थ सब सेंटर खुलने से लोगों को ये सुविधाएं होंगी 1. प्राथमिक इलाज घर के पास बुखार, सर्दी-जुकाम, दस्त, चोट, सामान्य संक्रमण जैसी बीमारियों का तुरंत इलाज उपलब्ध होगा। छोटी बीमारियों के लिए ग्रामीणों को अब दूर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा। 2. मातृ और शिशु स्वास्थ्य में सुधार गर्भवती महिलाओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण सलाह, आयरन और कैल्शियम की दवा, एएनसी/पीएनसी सेवाएं यहां उपलब्ध होंगी। नवजात और 5 वर्ष तक के बच्चों का नियमित टीकाकरण व वजन-लंबाई की निगरानी संभव होगी। {इससे मातृ मृत्यु दर (एमएमआर) और शिशु मृत्यु दर (आईएमआर) में कमी लाने में मदद मिलेगी। 3. महिलाओं के लिए अलग सुविधाएं माहवारी स्वास्थ्य, पोषण और निजी परामर्श की सुविधा से किशोरियों को स्वच्छता व स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा सकेगा। 4. बीमारियों की शुरुआती पहचान मौसमी बीमारियों (जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया) की शुरुआती स्क्रीनिंग और उपचार से संक्रमण को फैलने से रोका जा सकेगा। हर उपकेंद्र में स्वास्थ्य कार्यकर्ता और एएनएम की तैनाती से मरीजों को परामर्श और दवा समय पर मिलेगी। 5. सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ आयुष्मान भारत, मातृत्व योजना, मिशन इंद्रधनुष जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे गांव के स्तर पर मिलेगा। हेल्थ सब सेंटरों के माध्यम से स्वास्थ्य जांच शिविर, पोषण अभियान, परिवार नियोजन परामर्श अभियान भी नियमित रूप से चलाया जाएगा। रांची में 49 सेंटर खुलेंगे जिला केंद्र रांची 49 धनबाद 135 लोहरदगा 6 जामताड़ा 4 सरायकेला 10 गढ़वा 14 पाकुड़ 35 रामगढ़ 54 दुमका 17 गुमला 23 बोकारो 28 जिला केंद्र देवघर 42 पलामू 91 कोडरमा 15 सिमडेगा 6 गिरिडीह 164 साहेबगंज 43 चतरा 54 पूर्वी सिंहभूम 54 लातेहार 15 गोड्‌डा 33 हजारीबाग 57

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *