जालंधर| सीबीएसई ने कॉलेज और यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों लिए केंद्रीय सेक्टर छात्रवृत्ति योजना के तहत वर्ष 2025-26 के लिए नए आवेदन और वर्ष 2021 से 2024 तक के नवीनीकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए है। इसके लिए जारी किए गए पत्र में कहा गया है कि यह योजना उच्चतर शिक्षा विभाग, शिक्षा मंत्रालय द्वारा प्रायोजित है। आवेदन राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल http://scholarships. gov.in पर किए जा सकते हैं। वर्ष 2025-26 के लिए नए आवेदन और नवीनीकरण फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2025 है। सभी छात्र समय पर आवेदन करें। आवेदन के बाद संस्थान से सत्यापन कराना जरूरी है। यदि आवश्यक हो तो छात्र मूल दस्तावेज संस्थान को दिखाएं। सत्यापन न होने पर आवेदन अमान्य माना जाएगा। इसके साथ ही सभी संस्थानों के नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने लॉगिन पर समय से सभी आवेदनों का सत्यापन करें। वे आवेदन को सत्यापित करें, त्रुटि बताएं या अस्वीकार करें। वहीं इसके बारे में अधिक जानकारी के लिए वेबसाइट www.cbse.gov.in पर ली जा सकती है। गौरतलब है कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य छात्रों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करना है, खासकर उन छात्रों को जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं। कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में स्नातक / स्नातकोत्तर डिग्री हासिल करने और मेडिकल, इंजीनियरिंग आदि जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए प्रति वर्ष अधिकतम 82,000 नई छात्रवृत्तियां प्रदान की जाती हैं। जो छात्र संबंधित स्ट्रीम में सफल उम्मीदवारों के 80 वें प्रतिशत से ऊपर हैं 12वीं पैटर्न या समकक्ष के 12वीं कक्षा में परीक्षा बोर्ड और एआईसीटीई और संबंधित नियामक निकायों द्वारा मान्यता प्राप्त कॉलेजों/ संस्थानों में नियमित डिग्री पाठ्यक्रम कर रहे हैं, इस योजना के लिए पात्र हैं।


