भास्कर न्यूज |जशपुरनगर पुलिस गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश में जुटी गई है। इसी क्रम में शनिवार की दोपहर 3 बजे पुलिस को सूचना मिली कि रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र की एक महिला, घर से बिना बताए बस में बैठकर जशपुर की ओर निकल गई है। एसएसपी शशिमोहन सिंह के निर्देश पर कुनकुरी थाने में तैनात प्रधान आरक्षक रामानुज पांडे तुरंत बस स्टैंड पहुंचे और लैलूंगा से आने वाली बस का इंतजार करने लगे। जैसे ही बस पहुंची, बताए गए हुलिए के आधार पर एक महिला से पूछताछ की गई। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह अपनी बहू से नाराज होकर घर से निकल गई थी। बेटे से भी उसे कोई सहारा नहीं मिला। वह गुस्से और दुख में आत्मघाती कदम उठाने की सोच रही थी। लेकिन समय रहते पुलिस तक सूचना पहुंच गई और एक संभावित अनहोनी टल गई। प्रधान आरक्षक रामानुज पांडे ने महिला के परिजन को संपर्क कर बुलवाया। करीब दो घंटे में महिला का बेटा अरुण कुमार बेहरा कुनकुरी थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने दोनों की बात सुनी, समझाइश दी और महिला को बेटे के सुपुर्द कर दिया।


