भास्कर न्यूज | जशपुरनगर ऑपरेशन आघात के तहत नारायणपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। ग्राम कुरकुंगा निवासी 19 वर्षीय मनीष नेगी को प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल स्पास्मो प्रोक्सीवॉन पीयूस के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से 12 पत्तों में कुल 90 कैप्सूल और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। 25 जून को नारायणपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मनीष नेगी मोटरसाइकिल से ग्राम कोटिया की ओर से ग्राम करमा जा रहा है। उसके पास बिक्री के लिए प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल है। सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस ने ग्राम कोटिया के पास नाकाबंदी की। चेकिंग के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका गया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम मनीष नेगी बताया। पूछताछ में मनीष नेगी ने अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त सबूत मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी आर एस पैंकरा, प्रधान आरक्षक अजय कुजूर, आरक्षक मनोज एक्का, नगर सैनिक ओम प्रकाश यादव और अमित तिर्की की अहम भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन आघात के तहत नशे के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। नशे के कारोबार में शामिल किसी को बख्शा नहीं जाएगा। तलाशी में उसकी जेब से प्लास्टिक पॉलीथिन में लिपटे 12 पत्तों में 90 प्रतिबंधित कैप्सूल मिले। दस्तावेज मांगने पर वह कोई कागज नहीं दिखा सका। पुलिस ने कैप्सूल और मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया।


