शोभायात्रा का रूट:बारिश में भी भक्तों ने दिखाया उत्साह

भास्कर न्यूज | जालंधर संत महात्माओं और श्रद्धालुओं से खचाखच भरा हुआ कोट किशन चंद। श्रद्धालुओं के चेहरे पर भगवान जगन्नाथ रथयात्रा में शामिल होने की उत्सुकता और प्रभु के चरणों को स्पर्श कर आशीर्वाद पाने की इच्छा। चारों तरफ हरि बोल… हरि बोल… की गूंज ने माहौल भक्तिमय बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। शुक्रवार को ऐसा ही कुछ नजारा कोट किशन चंद में देखने को मिला। मौका था- भगवान जगन्नाथ रथयात्रा शुरू होने से पहले का। शाम लगभग 7:30 बजे जब ​बारिश शुरू हो गई तो भी भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ। जगन्नाथ सोसायटी के साथ भक्तजन बारिश में ही भगवान जगन्नाथ का गुणगान करते दिखे। इससे पहले कार्यक्रम की शुरूआत पंडितों ने विधिवत पूजन कर की। मंत्रोचारण के बाद हनुमान चालीसा का पाठ हुआ लेकिन इससे पहले प्रभु को स्नान करवाकर हार शृंगार किया गया। दोपहर बाद जब श्री रामायण पाठ का विश्राम किया गया तो भक्तों ने दरबार में माथा टेककर अपने परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता सोसायटी प्रधान केदार राय ने की। यात्रा शाम 5 बजे वैदिक मंत्र उच्चारण के साथ शुरू हुई। भगवान को सबसे पहले खिचड़ी का भोग लगाया गया। फिर रथयात्रा में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और बहन सुभद्रा जी की मूर्तियों को विधिवत विराजमान किया गया। भगवान जगन्नाथ रथयात्रा की शुरूआत सुनहरे झाड़ू की रस्म अदा कर की गई। सबसे पहले उन्होंने हरि बोल, हरि बोल-श्याम बोल…, राधे-राधे श्याम मिला दे…, व अन्य भजन सुनाकर भक्तों को झूमने पर विवश किया। भक्तों ने नंगे पांव रथ को खींचकर भगवान को महानगर का भ्रमण करवाया। कार्यक्रम के अंत में भक्तों ने प्रभु की भव्य आरती के दर्शन करके व भोग लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। रथयात्रा के दौरान विभिन्न समितियों की ओर से लंगर भी लगाए गए। यहां पूर्व विधायक राजिंदर बेरी, प्रदीप छाबड़ा, सुभाष बाम्मी, प्रवीण ज्योति, ओम प्रकाश, विजय कुमार, ऊषा रानी राय, ज्योति शर्मा, नीरज झांजी, सुमित कालिया, नवीन कुमार, गौरव महाजन, नरिंदर शर्मा, राज कुमार, राकेश कुमार, नव कुंद्रा, अभिनंदन कुंद्रा, शिव जोशी, रितेश सोंधी, नवजोत सिंह, हितेश मौजूद थे। रथयात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने शिरकत की। वह भगवान जगन्नाथ के भजनों पर झूमते हुए माहौल भक्तिमय बना रही थीं। रथ की रस्सी खींचने में महिलाओं का जोश देखते ही बनता था। रथयात्रा में श्रद्धालु बैंड-बाजों के साथ शामिल हुए और माहौल को भक्तिमय बनाया। शहर की विभिन्न समितियों ने भी रथयात्रा को भव्य बनाने में कसर नहीं छोड़ी। शाम 6 बजे जब बारिश शुरू हुई भगवान वाल्मीकि चौक में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा पहुंची। फूलों से सजे भगवान के रथ को बच्चे, महिलाएं और युवाओं ने रस्सियों से खींचा। शरीर पर बारिश की बूंदे गिर रही थीं। सुहाने मौसम के कारण नजारा मनमोहक हो गया। बैंड बाजों के साथ भव्य रथयात्रा कोट किशन चंद से चलकर, अड्डा होशियारपुर चौक, पंजपीर चौक, भगत सिंह चौक, लवकुश चौक, प्रभु श्री राम चौक, भगवान वाल्मीकि चौक, बस्ती अड्डा चौक, पटेल चौक, माई हीरां गेट से होते हुए कोट किशन चंद मे विश्राम हुई। पूरे रास्ते भैया मुकुल लुधियाना वाले व अन्य संकीर्तन मंडली ने भगवान जगन्नाथ जी के भजनों का गुणगान कर माहौल भक्तिमय माहौल बनाया। भगवान जगन्नाथ का रथ खींचते भक्तजन। ^जब तक मनुष्य अपने मन में पवित्र संकल्प नहीं करेगा, तब तक मनुष्य के जीवन एवं परमात्मा को प्राप्त करने के लिए कोई विकल्प नहीं निकलेगा। संकल्प से ही विकल्प का मार्ग प्रशस्त होता है। -पं. दीनदयाल शास्त्री

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *