भास्कर न्यूज | नवडीहा जमुआ प्रखंड के नवडीहा में रविवार को महिलाओं ने नशा विरोधी रैली निकाली। यह रैली झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के आजीविका मिशन से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की ओर से निकाली गई। रैली का मकसद समाज में बढ़ते नशे को रोकना और लोगों को इसके नुकसान के बारे में जागरूक करना था। नवडीहा आजीविका महिला संगठन और अन्य सखी मंडलों की महिलाएं बैनर लेकर गांव की गलियों से गुज़रीं। उन्होंने लोगों से नशा छोड़ने की अपील की। महिलाओं ने कहा, “नशा से बर्बाद होता है परिवार।” उन्होंने ग्रामीणों, युवाओं और किशोरियों को बताया कि नशा शरीर को नुकसान पहुंचाता है। यह परिवार और समाज को भी तोड़ देता है। भविष्य अंधकार में चला जाता है। महिलाओं ने कहा कि सभी मादक पदार्थों की बिक्री और सेवन पर रोक लगनी चाहिए। सभी मिलकर प्रयास करें, तो समाज को नशा मुक्त बनाया जा सकता है। इससे जीवन सुरक्षित और सुखद होगा। रैली में बीएपी संतोष राय, सीएलएम शैलेश राणा, अंकित वर्मा, सीसी सुजीत वर्मा, संगीता कुमारी, राखी कुमारी, सोनीलता देवी, नीलम देवी, फुल कुमारी, किरण देवी और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं शामिल हुईं।


