गिरिडीह | पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना को लेकर हर तरफ दुआ-प्रार्थना के लिए पूजा अर्चना की जा रही है। राजनीति व दल से इतर लोग दिशोम गुरु के स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। इसी निमित पारसनाथ के मरांग बुरु दिशोम मांझी थान में मरांग बुरु संस्थान आदिवासी समाज और उनके समर्पित कार्यकर्ताओं ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए बोंगा बुरु (पूजा पाठ) का आयोजन किया गया। गिरिडीह के विधायक सह झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तबीयत ठीक नहीं है। वे दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी हालत में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है। इसे लेकर समर्थक और शुभचिंतक काफी चिंतित हैं। सभी उनके बेहतर स्वास्थ्य की प्रार्थना कर रहे हैं। इधर भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व सांसद डॉ रवीन्द्र राय ने गुरुजी के स्वास्थ्य की कामना की है। कहा है कि झामुमो सुप्रीमो ने झारखंड को एक अलग पहचान दी है, जिसे इनकार नहीं किया जा सकता है।


