औद्योगिक क्षेत्र में जीएसटी सर्वे से व्यापारी परेशान: खोसला

फोकल प्वाइंट इंडस्ट्रियल वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान संदीप खोसला की अगुवाई में उद्योगपतियों के शिष्टमंडल ने रविवार को कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रधान अमन अरोड़ा से मुलाकात की। उन्होंने व्यापारियों की समस्याएं रखीं। शिष्टमंडल में पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल के प्रधान प्यारे लाल सेठ, समीर जैन, अखिल भारतीय व्यापार मंडल के राष्ट्रीय उपप्रधान रंजन अग्रवाल, एसके विधवा सहित कई व्यापारी नेता शामिल थे। खोसला ने बताया कि आबकारी और कराधान विभाग की ओर से जीएसटी सर्वे के नाम पर दुकानदारों और औद्योगिक इकाइयों को बेवजह परेशान किया जा रहा है। अधिकारी निरीक्षण के बहाने व्यापारियों को तंग कर रहे हैं। जबकि व्यापारी जीएसटी और वैट टैक्स समय पर भर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जबरन टैक्स वसूली में लगी है, लेकिन जीएसटी और वैट रिफंड छह-छह महीने बीतने के बाद भी नहीं मिल रहे। मंत्री अरोड़ा ने आश्वासन दिया कि वह संबंधित विभाग से बात कर व्यापारियों को बेवजह परेशान न करने की हिदायत देंगे। फोकल प्वाइंट संगठन ने बिजली बोर्ड में स्टाफ की कमी की समस्या भी उठाई। बताया कि फोकल प्वाइंट और इंडस्ट्रियल एरिया में बिजली फॉल्ट 12-12 घंटे तक ठीक नहीं होते। इतने बड़े औद्योगिक क्षेत्र में केवल दो लाइनमैन हैं। संगठन ने लाइनमैन और असिस्टेंट लाइनमैन की संख्या बढ़ाने की मांग की। उद्योगपतियों ने इंडस्ट्रियल एरिया के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की अपील भी की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *