खुले मीटर बॉक्सों में कुंडी लगा बिजली चोरी कर रहे शरारती तत्व, बिजली विभाग को लग रहा लाखों का चूना

अमनदीप सिंह शहर के कई इलाकों में खुले पड़े बिजली मीटर बॉक्स हादसों को न्योता दे रहे हैं। ये मीटर बॉक्स जमीन से करीब तीन फुट की ऊंचाई पर लगे हैं। इससे छोटे बच्चों और आवारा जानवरों के लिए खतरा बना हुआ है। बरसात के दिनों में इन बॉक्सों से चिंगारियां भी निकलती हैं। इससे करंट लगने का डर बना रहता है। सुल्तानविंड रोड, बटाला रोड, मेहता रोड, मकबूलपुरा, अजीत नगर और ईस्ट मोहन नगर जैसे इलाकों में कई मीटर बॉक्स खुले पड़े हैं। कुछ जगहों पर लोगों ने लोहे की तार लगाकर इन्हें बंद किया है। इसके बावजूद कई जगहों पर ये अब भी खुले हैं। कुछ शरारती तत्व इन खुले मीटर बॉक्सों में कुंडी लगाकर बिजली चोरी कर रहे हैं।
शहर में बिजली विभाग की टीम सर्वे कर रही है कि कहां-कहां मीटर बॉक्स खुले पड़े हैं। जिस इलाकों में भी बिजली के मीटर बॉक्स खुले हैं उन्हें बंद करवाया जाएगा। – जीएस खैहरा, सिटी सर्कल एसई इलाका निवासियों ने बताया कि कुछ शरारती तत्व इन खुले मीटर बॉक्सों में कुंडी लगाकर बिजली चोरी कर रहे हैं। जिससे बिजली विभाग को लाखों का चूना लग रहा है। गर्मी के मौसम में लोग ऐसी और भारी लोड वाले उपकरण चलाते हैं। इससे तारों पर लोड बढ़ता है और मीटर जल जाते हैं। इससे बाकी लोगों को भी परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि कई बार बिजली विभाग को शिकायत दी गई। इसके बावजूद मीटर बॉक्स बंद नहीं किए गए। लोगों का कहना है कि अगर विभाग समय रहते इन बॉक्सों को बंद कर दे तो हादसे भी रुक सकते हैं और बिजली चोरी भी रोकी जा सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *