कोडरमा जिले के गझंडी रेलवे स्टेशन पर एक मालगाड़ी में अचानक धुआं उठने से हड़कंप मच गया। धनबाद-गया रेलखंड पर स्थित इस स्टेशन पर जब घटना हुई, उस समय मालगाड़ी लूप लाइन पर खड़ी थी। मालगाड़ी बाढ़-पटना एनटीपीसी साइडिंग की ओर जा रही थी। धुआं उठता देख स्टेशन पर कार्यरत ट्रैकमैन गिरजेश कुमार और अजीत कुमार ने तत्परता दिखाते हुए इसकी सूचना स्टेशन अधीक्षक को दी। एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू स्टेशन अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही उन्होंने धनबाद नियंत्रण कक्ष और कोडरमा अग्निशमन विभाग को इसकी जानकारी दी। कुछ ही समय में दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और पूरी सतर्कता से कार्रवाई शुरू की। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई। बोगियों की जांच के बाद सामान्य स्थिति आग बुझाने के बाद रेलवे कर्मियों ने सभी बोगियों की गहन जांच की। स्थिति सामान्य पाए जाने के बाद देर शाम मालगाड़ी को उसके लोकेशन के लिए रवाना कर दिया गया। स्टेशन अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। हालांकि, यह आशंका जताई जा रही है कि डिपो में कोयला लोड करते समय कुछ कोयला गर्म रह गया होगा, और ट्रेन चलने पर हवा लगने से उससे धुआं उठना शुरू हो गया। इसी कारण 20वीं बोगी से धुआं निकलता देखा गया।


