दो बाइक की टक्कर, दो युवकों की मौत

भास्कर न्यूज |गढ़वा/मेराल मेराल थाना क्षेत्र अंतर्गत हरादाग गांव के समीप रविवार की शाम दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना उस वक्त हुई जब दो मोटरसाइकिलें आपस में आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार एक-एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मेराल थाना क्षेत्र के रेजो गांव निवासी अयोध्या चौधरी के 17 वर्षीय पुत्र रोशन कुमार चौधरी एवं हरादाग काला गांव निवासी मानदेव चौधरी के 31 वर्षीय पुत्र विकास चौधरी के रूप में की गई है। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे गांव में मातम का माहौल व्याप्त हो गया। इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में चिनिया थाना क्षेत्र के मसरा गांव निवासी हीरामन कुमार चौधरी (16 वर्ष), मेराल के दुनू खाड़ गांव निवासी आशीष कुमार चौधरी (20 वर्ष), नीरज कुमार चौधरी (22 वर्ष) एवं रामचंद्र चौधरी (23 वर्ष) शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद आशीष कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटना के संबंध में घायल हीरामन चौधरी ने बताया कि वह अपने ननिहाल दुनूखाड़ गांव आया हुआ था। वहां से वे चारों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर घूमने निकले थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे यह दुर्घटना घटित हुई। हादसे की जानकारी मिलते ही मेराल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को जप्त कर लिया। वहीं, दोनों मृतकों के शव को अंत्य परीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस दर्दनाक हादसे से रेजो और हरादाग गांव में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *