भास्कर न्यूज|चाईबासा/ बंदगांव डुमरी विधायक सह झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के प्रमुख जयराम महतो रविवार को प. सिंहभूम के चक्रधरपुर, कराईकेला व चाईबासा में दौरा कर कई सभाएं कर जनमुद्दों पर जमकर बोले। इस दौरान चाईबासा गांधी मैदान में कहा कि समुद्र से दुनिया का जन्म इसी सिंहभूम से हुआ है, लेकिन यहां स्वास्थ्य, शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं लज्जाजनक हैं। उन्होंने कहा कि झामुमो की सरकार में सबसे बेहतर नेतृत्व सिंहभूम ने दिया है, लेकिन यहां के जनप्रतिनिधि जमीनी मुद्दों पर चुप हैं। इसके अलावा चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र के बंदगांव के कराईकेला हाई स्कूल मैदान में विशाल जनसभा में जयराम महतो ने कहा कि 25 वर्षों का झारखंड हो चुका है। लेकिन यहां न उच्च शिक्षा की व्यवस्था है, न उच्च स्वास्थ्य की। यहां रोजगार भी नहीं है। यह कोल्हान आंदोलनकारियों का गढ़ रहा है। कहा कि झारखंड सरकार अफीम की खेती को रोकती है और जगह-जगह शराब की दुकान खोल रही है। उन्होंने कहा कि हम झारखंड सरकार से पूछना चाहते हैं कि आदिवासी एवं मूलवासियों के अधिकार की रक्षा क्यों नहीं कर पा रही है। हमे भीख नहीं अधिकार एवं सम्मान चाहिए। मंईयां सम्मान योजना के नाम पर हमें 2500 नहीं बल्कि रोजगार चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को 25 हजार चाहिए। झारखंड में एक भी अस्पताल नहीं, जहां दिसुम गुरु शिबू सोरेन का इलाज हो सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वास्थ्य के नाम पर रिम्स टू का निर्माण करना चाहते हैं। जबकि वे 5 साल से सरकार चला रहे हैं, मगर यहां एक अच्छा अस्पताल नहीं है। यह झारखंड का दुर्भाग्य है। इस दौरान चक्रधरपुर को जिला व कराईकेला को प्रखंड बनाने की मांग विधानसभा सदन में रखने की बात कही। मौके पर जेएलकेएम के जिला अध्यक्ष करण महतो, पूर्व मुखिया राजेंद्र मेलगांडी, डॉक्टर तुलसी महतो, अजय महतो आदि मौजूद थे।


