अमृतसर पुलिस ने राजस्थान पुलिस और बीएसएफ के साथ संयुक्त ऑपरेशन में अंतरराष्ट्रीय ड्रग कार्टेल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गांव कल्याणपुर जिला बाड़मेर (राजस्थान) में महिला समेत 9 तस्करों को 60 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। सीपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा, ड्रग कार्टेल में पाक और कनाडा के 2 तस्करों के नाम सामने आए हैं। छेहर्टा पुलिस ने हाल ही में गुरसाहिब सिंह (25) निवासी गांव बोपाराय को 1 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार तस्कर गुरसाहिब को गोइंदवाल साहिब जेल शिफ्ट किया गया तो वह वहां गगनदीप सिंह (23) निवासी गांव रामपुरा और जसप्रीत सिंह (20) निवासी गांव खुरमनियां से मिलकर पाक तस्कर तनवीर शाह और कनाडाई तस्कर जोबन कलेर के ड्रग कार्टेल से जुड़ गया। जांच में पता चला कि गुरसाहिब ने साथियों से मिलकर पाक और कनाडाई तस्कर के साथ संपर्क कर हेरोइन की खेप मंगवाई है। पुलिस ने जेल में बंद तस्कर गुरसाहिब से एक फोन बरामद किया, जिसकी लोकेशन फॉरेंसिक जांच में राजस्थान की सामने आई। तस्कर गुरसाहिब के फोन की लोकेशन पर अमृतसर पुलिस राजस्थान पुलिस और बीएसएफ के साथ गांव कल्याणपुर पहुंची। वहां राजीव पंजगोत्रा उर्फ राजवीर (29) निवासी गांव कल्याणा जेएंडके को पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सोमनाथ (62) निवासी गांव फतेहपुर ब्राह्मणा जेएंडके, पुरुषोत्तम सिंह उर्फ काला (50) निवासी सिंबल कैंप जेएंडके, कुलविंदर सिंह (24) निवासी गांव मूलेचक्क जिला अमृतसर, राजिंदर कौर (42) निवासी गांव टांडा जेएंडके को गिरफ्तार किया। काला पेशे से ट्रक चालक है, जिस पर 2000 में पहाड़गंज (दिल्ली) में हुए बम ब्लास्ट में 32 किलो आरडीएक्स लाने के अलावा आतंकी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। सोमनाथ के खिलाफ दिल्ली में 2003 में 4 किलो और अमृतसर में 2014 में 9 किलो हेरोइन तस्करी का केस दर्ज है। महिला राजिंदर कौर का कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं है। आरोपी तस्करी के लिए लोकेशन, वीडियो और फोटो भेजने का इस्तेमाल करते थे। इतना ही नहीं किस व्यक्ति ने डिलीवरी देनी है और किसने लेनी है, उसकी टी-शर्ट या शर्ट की फोटो भेजा करते थे ताकि कुरिअर की पहचान न हो। उन्होंने दावा किया कि ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम के तहत कार्रवाइयों के बाद तस्करों ने पंजाब के बजाय राजस्थान सीमा से नशा भेजना शुरू कर दिया है।


