पलामू में मानसून की दस्तक के बाद से लगातार बारिश हो रही है। मंगलवार शाम तरहसी थाना क्षेत्र के धूमा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई। इंटर का छात्र राकेश कुमार (17) खेत की तरफ जा रहा था। इस दौरान बारिश शुरू हो गई। राकेश बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे जा रहा था। इसी दौरान वज्रपात हुआ और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। मृतक धूमा गांव निवासी हुलास सिंह का पुत्र था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया। घटना के बाद से परिवार के सदस्य शोक में डूबे हैं।


