बलौदाबाजार जिले के टुंड्रा नगर पंचायत के सैकड़ों छात्रों ने 1 जुलाई मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की। छात्रों ने कलेक्टर दीपक सोनी और जिला शिक्षा अधिकारी से मुलाकात की। टुंड्रा हाई स्कूल में 30 शिक्षकों के स्वीकृत पदों में से केवल 14 शिक्षक ही कार्यरत हैं। स्कूल में 400 विद्यार्थी पढ़ते हैं। छात्रा भूमिका साहू ने बताया कि बारहवीं बोर्ड की परीक्षा की तैयारी चल रही है और शिक्षकों की कमी से उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। जिले में कुल 1100 शिक्षकों के पद खाली हैं। इनमें लगभग 600 व्याख्याता और 500 शिक्षकों की आवश्यकता है। युक्ति-युक्तिकरण के बावजूद शिक्षकों की कमी बनी हुई है। नए भवन की भी मांग टुंड्रा नगर पंचायत अध्यक्ष छतराम साहू ने बताया कि शिक्षकों की कमी के साथ नए भवन की मांग भी की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारती ने जानकारी दी कि जर्जर भवन के लिए 1.21 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। शिक्षकों की कमी की समस्या का स्थायी समाधान भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही संभव होगा। जिला प्रशासन ने फिलहाल भवन निर्माण के लिए धनराशि जारी कर दी है।


