भास्कर न्यूज | अमृतसर दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की ओर से बटाला रोड में लगाए समर कैंप में मंगलवार को 7 से 12 साल के बच्चों ने भाग लिया। दो दिवसीय कैंप के पहले दिन साध्वी राजविंदर भारती ने बच्चों को व्यक्तित्व शाला में प्रशिक्षित करते हुए जीवन के श्रेष्ठ मंत्र सिखाए। जिसमें उन्होंने बताया कि अपनी गलतियों को हमेशा स्वीकार करते हुए सुधारना है। जहां से भी आपको कुछ अच्छा सीखने को मिले उसके लिए सदैव तत्पर रहना है। उन्होंने बच्चों को हमेशा अपने माता-पिता का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया। साध्वी ने कहा कि आप के जीवन में सबसे पहले आपका परिवार ही आता है जहां आपकी कमजोरी ताकत में परिवर्तित हो सकती है। उन्होंने विभिन्न एक्टिविटीज के माध्यम से बच्चों को उचित और अनुचित की पहचान करवाते अश्लीलता, बुराई, झूठ, मोबाइल के गलत उपयोग इत्यादि से दूर रहने को कहा। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक युग में बच्चे मोबाइल पर गेम्स खेलकर और वीडियोज देखकर अपने घंटों बर्बाद कर देते हैं। इसके कारण बच्चे बहुत चिड़चिड़े होते जा रहे हैं। ऐसी बुरी आदतों का क्षणिक आनंद आप के पूरे जीवन को बर्बाद कर सकता है। इसलिए इस उम्र में कुछ अच्छा ग्रहण करने में थोड़ी मेहनत जरूर लगेगी किन्तु आपका पूरा जीवन आनंद भरपूर हो जाएगा। साध्वी डॉ. प्रज्ञा भारती ने प्रेरणात्मक कहानियों के द्वारा बच्चों को अपने देश के प्रति प्रेम और समर्पण की शिक्षा दी। जिसमें भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के जीवन के कुछ प्रेरणादायक प्रसंग भी सुनाए। इस कैंप में बच्चों ने मनोरंजन के साथ-साथ काफी कुछ सीखा।


