भास्कर न्यूज | अमृतसर जीएनडीएच में एक माह पहले खुले जनऔषधि केंद्र में फिलहाल मेडिसन विभाग की दवाइयां ही मिल रही हैं। मगर जल्द ही सर्जरी (ऑपरेशन) के उपकरण और दवा भी मिलने लगेगी। इसके लिए मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. करमजीत सिंह ने सर्जरी विभाग की सभी वार्ड इंचार्ज डॉक्टरों से सर्जरी के दौरान उपयोग की जाने वाली दवाओं और उपकरण के अलावा पोस्ट सर्जरी (ऑपरेशन के बाद) की जरूरी दवाओं की लिस्ट मंगवा ली गई है। जिसके तहत वह जन औषिध के लुधियाना स्थित स्थापित वेअरहाउस में आर्डर करने वाले हैं। एक सप्ताह के अंदर-अंदर यह दवाएं जन औषिध केंद्रों में उपलब्ध हो जाएंगी जिससे मरीजों को उपचार में होने वाले खर्च में बचत होगी और उन्हें बेहतर दवाएं भी मिलेंगी। इतना ही नहीं, आयुष्मान कार्ड धारकों की सुविधा के लिए इमरजेंसी वार्ड में 6 काउंटर स्थापित किए गए हैं, ताकि मरीजों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। जीएनडीएच में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, पठानकोट, गुरदासपुर, बटाला, तरनतारन और फिरोजपुर तक के मरीज इलाज के लिए आते हैं। अगर ओपीडी की बात की जाए, तो रोजाना करीब 800 से 900 मरीज ओपीडी में अपना इलाज कराने के लिए पहुंचते हैं। जीएनडीएच में सर्जरी विभाग की ओर से किए जाने वाले ऑपरेशनों की बात की जाए, तो रोजाना ईएनटी, गायनी और अन्य प्रकार के 60 मेजर ऑपरेशन होते हैं। इनके अलावा 85 माइनर ऑपरेशन किए जाते हैं। जनऔषिध केंद्र में यदि इन सर्जरी के उपकरण और दवाएं उपलब्ध हो जाती हैं तो मरीजों को कम खर्चे में अच्छी सेहत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। एमएस डॉ. करमजीत सिंह ने बताया कि जीएनडीएच में उपचार कराने के लिए आने वाले मरीजों को मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए इमरजेंसी वार्ड के नजदीक आयुष्मान कार्डधारकों की सुविधा के लिए 6 काउंटर खोल दिए गए हैं। अब आयुष्मान कार्डधारक वहां पर अपनी रजिस्ट्रेशन कराकर हर तरह के इलाज को मुफ्त में करा सकेगा। जीएनडीएच में जन औषधि केंद्र।


