हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में गेरुआ नदी के पास एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार रात करीब 10:30 बजे हुई इस घटना में मृतक की पहचान टीएसपीसी उग्रवादी संगठन के सब जोनल कमांडर अनीश अंसारी के रूप में हुई है। अनीश रांची जिले के बुढ़मू थाना क्षेत्र के मतवे गांव का निवासी था। फायरिंग की आवाज सुन ट्रैक्टर चालक और मजदूर भाग गए घटना के समय गेरुआ नदी में बालू लोडिंग का काम चल रहा था। अचानक तीन राउंड गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इससे वहां मौजूद ट्रैक्टर चालक और मजदूर भाग गए। पुलिस के अनुसार, यह आपसी वर्चस्व की लड़ाई का मामला हो सकता है। पुलिस ने बताया कि अनीश अंसारी पर कई आपराधिक मामले दर्ज थे। उसकी हत्या के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। गेरुआ नदी का इलाका उग्रवादी गतिविधियों के लिए जाना जाता है स्थानीय लोगों के मुताबिक, गेरुआ नदी का इलाका उग्रवादी गतिविधियों और अवैध बालू कारोबार के लिए जाना जाता है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या किन परिस्थितियों में और किन लोगों द्वारा की गई।


