हिट एंड रन के 14 में 7 दावा प्रकरण को शासन ने लौटाया

भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़ कलेक्टर डी. राहुल वेंकट की अध्यक्षता में हिट एंड रन मामलों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य जिले में हुई दुर्घटनाओं से जुड़े दावों की प्रगति की समीक्षा करना रहा। साथ ही प्रक्रियाओं में आ रही बाधाओं को दूर करने पर चर्चा हुई। अब तक कुल 14 प्रकरण शासन को भेजे गए हैं। इनमें से 7 प्रकरण दस्तावेजी त्रुटियों के कारण वापस लौटे हैं। आधार विवरण की कमी, दस्तावेजों का सत्यापन न होना और अन्य तकनीकी कारण इसकी वजह रहे। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी लंबित और त्रुटिपूर्ण प्रकरणों को संबंधित एसडीएम के माध्यम से संशोधित कर दोबारा भेजा जाए। मनेंद्रगढ़ एसडीएम लिंगराज सिदार को इन दावों की जांच का जिम्मा सौंपा गया है। बैठक में पूर्व जिला कोरिया से जुड़े प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। ये प्रकरण जिले के विभाजन से पहले के हैं। कलेक्टर ने कहा कि ऐसे सभी प्रकरणों को दस्तावेजों सहित कोरिया जिले को भेजा जाए। साथ ही एसपी कोरिया से पूरी जानकारी ली जाए। 1 अप्रैल 2022 से पहले के प्रकरणों की संख्या और स्थिति की रिपोर्ट भी तत्काल मंगाई जाएगी। कलेक्टर ने चिंता जताई कि एसडीएम और एसपी द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों में अंतर है। इसे जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए। दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर ट्रैफिक और सड़क सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। आरटीओ को जिले के ब्लाइंड स्पॉट, स्पीड ब्रेकर और संभावित दुर्घटना स्थलों की सूची तैयार करने को कहा गया है। साथ ही जिले में हुई दुर्घटनाओं की संख्या की जानकारी भी मांगी गई है। इसका उपयोग समीक्षा और योजना निर्माण में किया जाएगा। अस्पतालों और बचाव दलों की त्वरित तैनाती की योजना बनाई जा रही है। इससे दुर्घटना के बाद राहत और उपचार कार्यों में देरी न हो। बीमा भुगतान से जुड़े मामलों की समीक्षा के लिए बीमा सचिव को पत्र भेजा जाएगा। इसमें यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि अब तक कितने दावों का भुगतान हुआ है, कितने लंबित हैं और उनके लंबित होने का कारण क्या है।कलेक्टर ने निर्देश दिए कि हर अनुभाग में संबंधित एसडीएम ही दावों की जांच अधिकारी होंगे। उन्हें अपने क्षेत्र के सभी प्रकरणों की जांच सुनिश्चित करने को कहा गया है। अफसरों को निर्देशित करते कलेक्टर।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *