धौलपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में जेल फाटक पर एक युवक के ऊपर होकर मालगाड़ी गुजर गई। युवक चलती हुई मालगाड़ी के आगे आत्महत्या करने की नीयत से कूदा था। जो मालगाड़ी से टकराकर पटरियों के बीच में जाकर बेहोश हो गया। मालगाड़ी गुजर जाने के बाद युवक को अस्पताल लाया गया। जहां उसका इलाज किया जा रहा है। युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे कोतवाल प्रमेंद्र रावत ने बताया कि गश्त के दौरान कोतवाली पुलिस जेल फाटक की ओर जा रही थी। इसी दौरान फाटक के बंद होने पर उनके थाने की गाड़ी जेल फाटक पर रुक गई। इसी दौरान ग्वालियर की ओर से आती मालगाड़ी के आगे एक युवक कूद गया। मालगाड़ी के आगे कूदा युवक उससे टकराकर रेल की पटरियों के बीच में जाकर बेहोश हो गया। मालगाड़ी के युवक के ऊपर होकर गुजर जाने के बाद पुलिस ने तत्तपरता दिखाते हुए युवक को पटरियों से निकाला। जिसके बाद युवक के ऊपर पानी डालकर उसे होश में लाया गया। युवक के होश में आने पर पूछताछ में उसने अपना नाम मूलचंद (40) पुत्र रामजीलाल कोली निवासी डूंगरपुर जिला मुरैना मध्य प्रदेश बताया। कोतवाल ने बताया कि मालगाड़ी से टकराने की वजह से युवक को गंभीर चोट आई हैं। जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं।


