खन्ना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुखमन सिंह सन्नी के रूप में हुई है। वह अमृतसर का रहने वाला है और खरड़ में किराए पर रहता था। पुलिस ने आरोपी की क्रूज कार से डेढ़ किलो आइस ड्रग्स और एक किलो अफीम बरामद की है। एसएसपी डॉ. ज्योति यादव बैंस ने बताया कि यह कार्रवाई एक अन्य गिरफ्तारी से मिली जानकारी के आधार पर की गई। 1 जुलाई को सिटी थाना-2 की पुलिस ने मीट मार्केट निवासी विक्की को 10 ग्राम नशीले पदार्थ के साथ पकड़ा था। पूछताछ में विक्की ने बताया कि वह सुखमन से नशीले पदार्थ लेता था। वॉट्सऐप कॉल और फेसबुक चैट डिलीट की
सुखमन अपनी क्रूज कार में शिवजोत अपार्टमेंट के गेट पर नशीले पदार्थ की सप्लाई करता था। इस जानकारी के बाद सीआईए और सिटी थाना-2 की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई कर सुखमन को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला है कि सुखमन कॉलेज-यूनिवर्सिटी के छात्रों को भी नशीले पदार्थ सप्लाई करता था। वह नशा तस्करों से वॉट्सऐप कॉल और फेसबुक चैट के बाद डेटा डिलीट कर देता था। पुलिस ने उसका मोबाइल जब्त कर डेटा रिकवरी के लिए भेजा है। एसएसपी के अनुसार, आरोपी के बड़े तस्करों से संबंध होने की आशंका है। सीमा पार तक नेटवर्क होने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने तीन दिन का रिमांड लिया है।


