कांकेर जिले में अंतागढ़ से चारगांव माइंस जाने वाले मार्ग पर रेलवे अंडरब्रिज के पास सड़क की स्थिति खराब होने के विरोध में ग्रामीणों ने चक्काजाम किया। कुहचे और कोंदागांव के ग्रामीणों ने इस दौरान प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे अंतागढ़ थाना प्रभारी और तहसीलदार ग्रामीणों की समस्या का जवाब नहीं दे पाए। ग्रामीणों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे स्टेशन बनने के बाद से अंडरब्रिज के दोनों तरफ सड़क की हालत खराब है। पानी निकासी के लिए नाली का निर्माण नहीं किया गया। बारिश में सड़क दलदल में बदल जाती है। कई लोग फिसलकर चोटिल हो चुके हैं। एक स्कूली छात्रा भी कीचड़ में सनी हुई खड़ी मिली। कई बार दे चुके है ज्ञापन ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीण कई बार प्रशासन को ज्ञापन दे चुके हैं। लेकिन कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला। अधिकारी अब इस मुद्दे पर चर्चा से बचते हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी इस सड़क पर माइंस के भारी वाहनों का आवागमन होता है। ग्रामीणों का कहना है कि इन वाहनों से सड़क और खराब हो रही है। प्रशासन इन वाहनों पर रोक लगाने में भी विफल रहा है।


