साहिबगंज के भोगनाडीह में हूल दिवस पर हुई हिंसा को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि यह घटना आदिवासी और पुलिस प्रशासन के बीच का विवाद नहीं था। पुलिस प्रशासन की सतर्कता से यह साजिश विफल हो गई उन्होंने बताया कि भोगनाडीह की घटना एक सोची-समझी साजिश थी। साहिबगंज के जिला और पुलिस प्रशासन की सतर्कता से यह साजिश विफल हो गई। झामुमो अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा संथाल परगना को अशांत करने की कोशिश कर रही है। अजीजुल इस्लाम ने कहा कि बाहर से लोगों को बुलाकर और मंडल मुर्मू के नेतृत्व में जो उपद्रव किया गया, वह भाजपा की साजिश का हिस्सा था। जमशेदपुर का एक व्यक्ति, जो चंपाई सोरेन का करीबी है, को गिरफ्तार किया गया है। वह पिछले 10 दिनों से हूल दिवस को विफल करने की योजना बना रहा था। उन्होंने कहा कि संथाल परगना हमेशा से शांत रहा है। वर्षों से भोगनाडी में हूल दिवस पर मेला लगता है और कभी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। आदिवासी समुदाय के लोग मिलनसार हैं और हर बार मेले में सहयोग करते हैं। प्रेस वार्ता के बाद जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बिरसा चौक पर भाजपा का पुतला दहन किया। इस दौरान उपासना मरांडी, श्याम यादव, समद अली, प्रकाश सिंह, मसीलुद्दीन शेख और राजेश सरकार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।


