बकरी के ट्रक की चपेट में आने पर लोगों ने ड्राइवर को धुना, स्थिति गंभीर

कोडरमा | डोमचांच प्रखंड के असनाबाद निवासी संजय प्रसाद ने उपायुक्त से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पुश्तैनी जमीन को फर्जी दस्तावेजों के जरिए हड़पने की कोशिश हो रही है। संजय प्रसाद ने बताया कि उन्होंने यह जमीन खाता संख्या 26 के तहत मोहन महतो से वर्ष 1946 में खरीदी थी। तब से अब तक इस जमीन पर उनका और उनके परिवार का कब्जा है। उन्होंने वहां मकान, बाउंड्री वॉल और अन्य स्थायी निर्माण भी कर रखे हैं। संजय प्रसाद के अनुसार, अब इस जमीन की रजिस्ट्री फर्जी दस्तावेजों के आधार पर किसी और के नाम कर दी गई है। रजिस्ट्री कराने वाला व्यक्ति हजारीबाग जिले का निवासी है। जमीन खरीदने वाला विश्वेश्वर प्रसाद, असनाबाद का रहने वाला बताया गया है। पीड़ित ने बताया कि इस फर्जीवाड़े की शिकायत डोमचांच अंचल कार्यालय में की गई थी। वहां आवेदन पर सुनवाई भी हुई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। संजय प्रसाद ने उपायुक्त से मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। दोषियों पर कानूनी कार्रवाई हो। उन्हें न्याय दिलाया जाए। सतगावां| गुरुवार शाम 4 बजे खुट्टा चौक के पास मिनी ट्रक ड्राइवर की ग्रामीणों ने जमकर पिटाई कर दी। ड्राइवर अनिल कुमार राय, उम्र 32 वर्ष, वैशाली जिले का रहने वाला है। वह कोलकाता से धनबाद होते हुए बिस्कुट लेकर सतगावां की ओर जा रहा था। मंझने गांव के पास ट्रक की चपेट में एक बकरी आ गई। यह देख ड्राइवर घबरा गया और ट्रक लेकर भागने लगा। घटना के बाद मंझने गांव के 4-5 ग्रामीण मोटरसाइकिल से उसका पीछा करने लगे। खुट्टा चौक के पास उसे पकड़ लिया और बुरी तरह पीट दिया। ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही सतगावां एसआई रौशन कुमार पासवान दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल ड्राइवर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां लाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मारपीट करने वाले ग्रामीण मौके से भाग निकले। झुमरी तिलैया| वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर गुरुवार को रेसुब पोस्ट कोडरमा में ऑपरेशन आहट के तहत समन्वय बैठक हुई। निरीक्षक प्रभारी दीपक कुमार के नेतृत्व में हुई इस बैठक में स्टेशन प्रबंधक विकास कुमार, मुख्य टिकट निरीक्षक बच्चा कुमार, जिला बाल संरक्षण अधिकारी नागेंद्र सिंह, राजकीय रेल थाना के उप निरीक्षक बुधवा उरांव, रेलवे चाइल्ड लाइन के सदस्य ऋतिक कुमार सहित अन्य महिला और पुरुष सहयोगी शामिल हुए। बैठक में कोडरमा स्टेशन पर घर से भागे बच्चों, परिजनों से बिछड़े बच्चों, ट्रेन से बाल श्रम के लिए ले जाए जा रहे बच्चों और ह्यूमन ट्रैफिकिंग के जरिए बाल तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई और रोकथाम पर चर्चा हुई। सभी अधिकारियों और सदस्यों ने इस दिशा में मिलकर काम करने की सहमति दी। टीम भावना से एक-दूसरे के सहयोग से काम करने पर जोर दिया गया। सभी ने अपने विचार साझा किए। बाल तस्करी रोकने के लिए सजग और तत्पर रहने का संकल्प लिया गया । कोडरमा | उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक हुई। बैठक में डीपीओ यूआईडी रवि प्रकाश ने बताया कि 18 वर्ष से ऊपर के 11 लोगों का आधार पंजीकरण हुआ है। प्रखंड स्तर से सत्यापन नहीं होने के कारण इनका आधार कार्ड लंबित है। उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का सत्यापन कर प्रक्रिया पूरी करें।डीपीओ ने बताया कि बिरहोर समुदाय के कई लोगों के पास सही कागजात नहीं हैं, जिससे उनका आधार नहीं बन पा रहा है। इस पर उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि उनका आवासीय प्रमाणपत्र जारी कर आधार पंजीकरण की कार्रवाई करें।उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी बाल विकास परियोजना कार्यालयों में आधार किट सक्रिय करें। आंगनवाड़ी केंद्रों में छूटे 0 से 5 वर्ष के बच्चों का आधार बनाना सुनिश्चित करें। सीएससी मैनेजर को निर्देश दिया गया कि जिन लोगों का आधार नहीं बना है, उनकी प्रखंडवार सूची तैयार करें। इसके आधार पर कैंप लगाकर आधार कार्ड बनाए जाएं।उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले सभी छूटे बच्चों का बीआरसी केंद्रों में शिविर लगाकर आधार पंजीकरण कराएं।बैठक में सिविल सर्जन, जिला अग्रणी प्रबंधक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, डाक निरीक्षक, यूआईडी रांची के प्रतिनिधि, डीपीओ यूआईडी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *