बिना हेलमेट पकड़े गए 20 बाइक चालक, चेतावनी

भास्कर न्यूज | बागडेहरी सड़क सुरक्षा को लेकर गुरुवार को कुंडहित थाना परिसर में एक विशेष ट्रैफिक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व कुंडहित थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने स्वयं किया। अभियान के दौरान मुख्य रूप से उन दोपहिया चालकों को निशाने पर लिया गया जो बिना हेलमेट के सड़कों पर चल रहे थे। जांच के क्रम में थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाकर करीब 20 मोटरसाइकिल चालकों को बिना हेलमेट के पकड़ा गया। हालांकि, इस अभियान की विशेष बात यह रही कि पुलिस प्रशासन ने सख्ती के साथ-साथ मानवीयता का भी परिचय दिया। बिना हेलमेट पकड़े गए किसी भी चालक से जुर्माना नहीं वसूला गया, बल्कि उन्हें यह निर्देश दिया गया कि वे जल्द से जल्द नया हेलमेट खरीदकर लाएं। हेलमेट लेकर आने के बाद सभी मोटरसाइकिल चालकों की गाड़ियां वापस कर दी गईं। यह कदम प्रशासन की सकारात्मक सोच और लोगों में स्वैच्छिक रूप से कानून पालन की भावना विकसित करने की दिशा में उठाया गया एक सराहनीय प्रयास रहा। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने मौके पर मौजूद सभी चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि हेलमेट पहनना केवल एक कानूनी बाध्यता नहीं है, बल्कि यह जीवन रक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एक छोटी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए हर दोपहिया चालक को हेलमेट पहनने की आदत डालनी चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में ट्रैफिक नियमों को लेकर सख्ती और बढ़ाई जाएगी, और अगली बार नियम उल्लंघन करने वालों पर सीधे जुर्माना लगाया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *